संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) ने नाइजीरिया के उत्तरी कातसिना प्रांत में एक स्कूल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। यह घटना शुक्रवार की है जब कंकारा सरकारी माध्यमिक विद्यालय पर कुछ हथियारबंद लोगों ने हमला कर करीब 400 बच्चों का अपहरण कर लिया। यूनीसेफ ने रविवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, ‘‘ यूनीसेफ स्कूल पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है और तत्काल बच्चों की रिहाई की मांग करता है।’’ स्कूल के सुरक्षाकर्मियों की हत्या करने के बाद बंदूकधारी स्कूल परिसर में घुस गए। हमले के समय 800 से अधिक बच्चे स्कूल में मौजूद थे।
बंदूकधारियों ने कितने बच्चों का अपहरण किया है, इस बारे में अब तक कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है। हमले के दौरान बड़ी संख्या में स्कूल के बच्चे आस-पास के इलाकों में छिप गए। शिक्षा आयुक्त बादमासी चारांची ने बताया कि 406 बच्चे सुरक्षित लौट चुके हैं जबकि अन्य लापता बच्चों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारी के मुताबिक ये बच्चे पूरी रात आस-पास की झाड़यिों में छिपे रहे और सुबह होने के बाद अपने-अपने घरों को लौटे। नाइजीरिया पुलिस, सेना और वायु सेना भी लापता बच्चों का पता लगाने के लिए स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। यूनीसेफ ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में बच्चों के अधिकारों के हनन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए इन हमलों की निंदा की है।